भदावल गांव निवासी भगवान दत्त पुत्र प्रभू बृहस्पतिवार दोपहर दवा लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सतीबुआ के स्थान पर उन्हें एक बाइक सवार मिला। उसने संसारीपुर में अपना कारखाना होने और उनके बेटे की फल की दुकान पर आने-जाने की बात कहकर विश्वास में लिया। कटासे में ननिहाल होने का हवाला देकर उसने उनसे परिचय बढ़ाया। इसके बाद आवास योजना में ऑनलाइन आवेदन कराने का झांसा देकर उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर अयोध्या ले गया।
आरोप है कि अयोध्या में आरोपी ने आधार कार्ड के जरिए भगवान दत्त के बैंक खाते से 30 हजार रुपये निकलवा लिए। इसके अलावा उनके पास रखे 11 हजार रुपये नकद भी ले लिए। इसके बाद आरोपी ने बाइक में धक्का लगाने के लिए कहा। भगवान दत्त जैसे ही बाइक से नीचे उतरे, आरोपी उन्हें सड़क पर गिराकर बाइक से फरार हो गया।
रात करीब 8:30 बजे भगवान दत्त ने भदावल निवासी विवेक सिंह को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद मंगल प्रसाद और प्रमोद ब्लोरो कार से अयोध्या पहुंचे और उन्हें घर लेकर आए। शुक्रवार को एसबीआई की भदावल शाखा से बैंक स्टेटमेंट निकलवाया गया तो खाते से 30 हजार रुपये निकाले जाने की पुष्टि हुई।
भदावल बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति बुजुर्ग को बाइक पर बैठाकर हर्रैया की ओर ले जाता दिखाई दिया है। पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। प्रभारी निरीक्षक हर्रैया गोविंद प्रसाद ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।