बस्ती। रोडवेज बस में बिहार के एक यात्री का मोबाइल छूट गया था। रोडवेज के चालक-परिचालक व अधिकारियों ने दूसरे दिन यात्री को बस्ती बुलाकर वापस किया।
बिहार के चंपारन जिले के चनपतिया थाना क्षेत्र के खरदेउर निवासी आलोक पांडेय बस्ती डिपो की बस से गोरखपुर जा रहे थे। गोरखपुर बस स्टेशन पर पहुंचे और हड़बड़ी में अपना मोबाइल फोन बस की सीट पर ही भूल गए। बस बस्ती वापस आने लगी तो कंडक्टर उत्कर्ष शुक्ला की नजर फोन पर पड़ी। उसने मोबाइल को कब्जे में लेकर विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप में सूचना दे दी।
दूसरी तरफ परेशान यात्री ने गोरखपुर डिपो के अधिकारियों से संपर्क साधा तो उसे पता चला कि उसका फोन बस्ती पहुंच गया है। यात्री ने शुक्रवार को गोरखपुर के क्षेत्रीय कार्यालय से जानकारी हासिल की तो पता चला कि उसका मोबाइल बस्ती डिपो के परिचालक ने अपने अधिकारी इंद्रजीत तिवारी के पास जमा कर दिया है। उसने तत्काल बस्ती की बस पकड़ी और देर शाम डिपो पहुंच कर जिम्मेदार अधिकारी इंद्रजीत तिवारी से मुलाकात की। जहां परिचालक उत्कर्ष शुक्ला ने मोबाइल यात्री को सौंप दिया। संवाद