-चौरीचौरा-गौरी बाजार स्टेशनों के बीच चल रहा है इंटरलाॅकिंग कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर कैंट-भटनी रेल खंड के चौरीचौरा-गौरी बाजार-बैतालपुर स्टेशनों के बीच चल रहे ऑटोमेटिक सिग्नलिंग एवं इंटरलाॅकिंग कार्य के चलते रेलवे प्रशासन की ओर से भटनी-अयोध्या अप और डाउन पैसेंजर ट्रेन को मंगलवार को निरस्त कर दिया गया है।
भटनी से चलकर गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, मनकापुर जंक्शन के रास्ते अयोध्या धाम जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को सोमवार और मंगलवार को रेलवे बोर्ड की ओर से निरस्त किया गया है। इस ट्रेन के निरस्त होने से छोटे रेलवे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अयोध्या तीर्थ स्थल के चलते प्रतिदिन वाह आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी रहती है। ऐसे में ट्रेन के निरस्त होने से अयोध्या धाम आने जाने वाले यात्रियों को प्राइवेट वाहनों से अधिक पैसे खर्च कर यात्रा करनी पड़ी।
वरिष्ठ टिकट निरीक्षक डीके मिश्रा ने बताया कि सोमवार को बस्ती के रास्ते जाने वाली अमृतसर जनसाधारण सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन को भी रेल प्रशासन की ओर से निरस्त किया गया था। इसके अलावा किसी अन्य ट्रेन का शेड्यूल नहीं आया है।
चौरीचौरा-गौरी बाजार-बैतालपुर स्टेशनों के बीच चल रहे इंटरलॉकिंग कार्य के चलते मेगा ब्लॉक चल रहा है। इसके कारण कुछ ट्रेनों को निरस्त करने के साथ ही कुछ ट्रेनों को रूट डायवर्ट कर चलाया जा रहा है।
-पंकज कुमार सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर