हर्रैया।तहसील परिसर में धरना देते भाकियू कार्यकर्ता- संवाद
हर्रैया। दुबौलिया कस्बे के भेलमापुर में गन्ना क्रय केंद्र खोले जाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) गुट के कार्यकर्ता शुक्रवार से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं का कहना है कि एक वर्ष पहले प्रशासनिक अधिकारियों और गन्ना समिति प्रबंधन के साथ हुए समझौते के बावजूद इस बार भी केंद्र नहीं खोला जा रहा है।
धरने का नेतृत्व कर रहे भाकियू तहसील अध्यक्ष रामपाल सिंह ने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष प्रदर्शन के दौरान विक्रमजोत गन्ना समिति सचिव और गन्ना प्रबंधक ने भेलमापुर में क्रय केंद्र खोले जाने पर सहमति जताई थी। मगर इस सत्र में समझौते को लागू करने से अधिकारी पीछे हट रहे हैं।
रामपाल सिंह ने आरोप लगाया कि एक गन्ना माफिया के दबाव और रसूख के चलते अधिकारी केंद्र खोलने से कतरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पांच दिन पहले तहसील में धरना देकर ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।
धरनारत कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, धरना जारी रहेगा। शाम तक धरना स्थल पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा, जिससे कार्यकर्ताओं में रोष और बढ़ गया। धरना स्थल पर मौजूद किसानों ने एसडीएम और तहसीलदार के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि यदि उनकी मांगों पर तत्काल फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने में सत्य प्रकाश दुबे, राम बहादुर वर्मा, रामचंद्र सिंह, पांडा यादव, राधेश्याम चौधरी, मीना देवी, सुधरना देवी, जैसराम, लक्ष्मी गिरी, फूलचंद तिवारी, विमल कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।