‘लोकतंत्र को मजबूत बनाने में बनें सहभागी’
- फोटो : अमर उजाला
परशुरामपुर (बस्ती)। ब्लॉक क्षेत्र के मखौड़ा धाम मंदिर परिसर में शुक्रवार को डीएम डॉ. राजशेखर ने मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। सुबह करीब 11 बजे कार्यक्रम में पहुंचे डीएम ने स्थानीय लोगों के अलावा वहां उपस्थित कर्मियों से भी मतदान करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि शत प्रतिशत मतदान से ही मजबूत सरकार का गठन संभव है। मजबूत सरकार का यह लोकतांत्रिक फार्मूला तभी साकार होगा जब सभी अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने 12 मई को होने वाले मतदान में सभी को घर से निकलकर पोलिंग बूथ पर मतदान करने का आह्वान किया। कहा कि हर बूथ पर आम मतदाताओं के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मतदाताओं के बैठने, पीने के लिए ठंडा पानी, शौचालय, दवा और दिव्यांगजन मतदाताओं के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था हर पोलिंग बूथ पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा किसी भी प्रकार की सहायता के लिए हर पोलिंग बूथ पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जाएगी। डीएम ने लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने का आह्वान किया। बताया कि दो महीने में 11 लाख से अधिक युवाओं को मतदान के लिए जागरूक किया जा चुका है। डीएम ने लोगों को मतदान के लिए शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम को डीडीओ नीरज श्रीवास्तव, एसडीएम हरैया शिव प्रताप शुक्ला ने भी संबोधित किया ।