- पीडब्ल्यूडी ने 106 मीटर पुल के मरम्मत व रंगरोगन के लिए भेजा था 15.98 लाख रुपये का प्रस्ताव
- जगह-जगह टूट चुकी है सड़क व ढह गई हैं नालियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के मेन इंट्री प्वाइंट कहे जाने वाले अमहट पुल को चमकाने व ध्वस्त हो चुकी नालियों के मरम्मत के लिए पीडब्ल्यूडी ने 15.98 लाख का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। जिस पर शासन ने मंजूरी देकर धन जारी कर दिया है। जल्द ही यह ऐतिहासिक पुल व इसका अप्रोच नए कलेवर में चमकने लगेगा।
शहर से सटकर बहने वाली कुआनो नदी पर अंग्रेजों ने वर्ष 1907 में पुल का निर्माण किया था। भारी टृक के गुजरने के कारण वह पुल 16 फरवरी 2017 को नदी में समा गया और मंडल मुख्यालय तक पहुंचने के लिए लोग फोरलेन के पुल से आवागमन करने को मजबूर होने लगे। नतीजा यह हुआ कि महज कुछ मीटर की जगह राहगीरों को तकरीबन चार किमी अधिक की दूरी तय करनी मजबूरी हो गई। यही नहीं इस पुल के ढहने के कारण जिले के तकरीबन डेढ़ सौ गांवों के नियमित राहगीरों व अमहट घाट पर धार्मिक आयोजन करने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं ने जब धरना प्रदर्शन किया तो जिला प्रशासन ने पहल कर नए पुल के निर्माण की जिम्मेदारी राज्य सेतु निगम को सौंप दिया। इधर इस 106 मीटर लंबे पुल व उसका अप्रोच जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुका है और यहां बनी नालियां ध्वस्त होने लगी हैं। जिला प्रशासन की पहल पर पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक के अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार ने असिस्टेंट इंजीनियर यूसी विश्वकर्मा व उनकी टीम से सर्वे करवाया और 15.98 लाख का स्टीमेट तैयार कर शासन को भेज दिया है। दूसरी तरफ विभाग में टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इससे इस पुल व अप्रोच को दुरुस्त किया जाएगा।
-
जल्द ही शुरू हो जाएगा काम
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार ने बताया कि अमहट पुल, उसका अप्रोच व नालियां दुरुस्त करवाने के लिए शासन ने धन जारी कर दिया है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य चालू कर दिया जाएगा।