बस्ती। अगर कोई अजनबी आपको किसी ऐसे व्हाट्सएप या टेलीग्राम ग्रुप में अचानक जोड़कर वेलकम करे तो सावधान हो जाइए। कारण यह है कि साइबर अपराधियों ने इस तरह का नया हथकंडा विकसित किया है। ट्रेनिंग ग्रुप, ट्रेडिंग ग्रुप, वर्क फ्रॉम होम, बिजनेस अपडेट या ऑनलाइन कमाई जैसे आकर्षक नाम के पीछे गहरी चाल हो सकती है।
हाल के कुछ दिनों में इस तरह के कई मामले सामने आए, जिसमें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर पहले लिंक भेजा गया। उस पर क्लिक करने को कह कर मोबाइल हैक किए और लाखों रुपये अकाउंट से गायब हो गए। साइबर विशेषज्ञ बताते हैं कि साइबर अपराधी ऐसे तरीकों से धोखाधड़ी की नई और बेहद खतरनाक चाल चलकर लाखों रुपये तक की ठगी कर रहे हैं। जिन लोगों की सोशल मीडिया प्रोफाइल में वर्क फ्रॉम होम, कमाई, फ्रीलांसिंग, इन्वेस्टमेंट, ट्रेडिंग जैसे शब्द होते हैं, उन्हें प्राथमिकता से निशाना बनाया जा रहा है।
जिले में तीन महीने के भीतर ऐसे 20 से अधिक केस सामने आए। जिनमें साइबर थाने में केस दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है। साइबर क्राइम प्रभारी सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी बताते हैं कि बैंक खातों के ऑन लाइन होने और मोबाइल से ऑपरेट करने में कहीं भी यदि चूक हुई तो अपराधियों को मौका मिल जाता है। लोग कई बार उत्सुकता वश या लालच में पड़कर गलती कर बैठते हैं।
इस तरह हो रहा खेल : साइबर विशेषज्ञ विकास यादव के मुताबिक जालसाज पहले से ही लोगों का डाटा इकट्ठा कर रखते हैं। इनमें मोबाइल नंबर, नाम, लोकेशन, नौकरी या आय से जुड़ी संभावित जानकारी शामिल होती है। इसके बाद इन्हें आर्थिक स्थिति के आधार पर चिह्नित किया जाता है। जिन लोगों को ऑनलाइन कमाई, ट्रेडिंग, रिव्यू बॉट या निवेश योजनाओं में रुचि होने की संभावना होती है, उन्हें अचानक ही किसी व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया जाता है।
शुरुआत में वे फ्री ट्रेनिंग, फ्री टिप्स, लाइव गाइडेंस, छोटे रिव्यू, प्रमोशनल रेटिंग, टास्क पूरा कर कमाई जैसी चीजें दिखाकर भरोसा दिलाते हैं। लोगों को छोटी राशि जैसे 50-100 रुपये का रिवॉर्ड देकर लुभाया जाता है। जैसे ही यूजर विश्वास करने लगता है, असली वारदात शुरू होती है।