नवविवाहिता के मांग में सिंदूर भरता युवक। संवाद
बस्ती। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाद समारोह का शनिवार को दो जगह आयोजन किया गया। विक्रमजोत ब्लॉक क्षेत्र के रामरेखा मंदिर पर आयोजित समारोह में 147 जोड़ों ने सात फेरे लिए, जबकि कलवारी थाना क्षेत्र के कुसौरा में स्थित झिनकू लाल त्रिवेनी राम चौधरी इंटर काॅलेज में 85 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामा। बरातियों ने ठुमके लगाए तो अधिकारियों ने अगुवानी की।
बता दें कि शादी समारोह की पिछले दो दिनों से तैयारी चल रही थी। शनिवार की सुबह आयोजन स्थलों पर प्रशासनिक हलचल बढ़ गई थी। एक तरफ बरातियों के लिए खानसामा पकवान तैयार कर रहे थे तो दूसरी तरफ पुरोहितों ने मंडप में शादी की रस्म पूरी कराने में जुटे थे। बहादुरपुर संवाद के अनुसार, लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर कलवारी थाना क्षेत्र के कुसौरा में स्थित झिनकू लाल त्रिवेनी राम चौधरी इंटर काॅलेज में बहादुरपुर, कुदरहा, नगर पंचायत गायघाट व नगर पंचायत क्षेत्र के 85 जोड़ों की शादी कराई गई। एडीओ समाज कल्याण सुरेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि बहादुरपुर के 38, कुदरहा के 37, नगर पंचायत गायघाट व नगर पांच-पांच जोड़ों की शादी सामूहिक विवाह समारोह में कराई गई है।
छावनी संवाद के अनुसार, विक्रमजोत ब्लॉक क्षेत्र के रामरेखा मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 147 जोड़ों ने सात फेरे लिए। मुख्य अतिथि विधायक हर्रैया अजय सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसमें हर्रैया के 34, परशुरामपुर के 49, विक्रमजोत के 35, दुबौलिया के 24, नगर पंचायत हर्रैया के पांच समेत 147 जोड़ों का विवाह धूमधाम से संपन्न कराया गया।