हर्रैया। आयुक्त वैभव श्रीवास्तव ने सोमवार को हर्रैया तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस दौरान बीडीओ दुबौलिया के मौजूद न रहने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को आपदा काल में अपने मुख्यालय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
नावों के काफिले के साथ अति बाढ़ प्रभावित गांव सुविका बाबू में अपर आयुक्त मनोज कुमार तिवारी, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, एसडीएम उमाकांत तिवारी आदि के साथ आयुक्त ने घर-घर जाकर अब तक मिली राहत सामग्री और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। लोगों ने आवश्यक वस्तुओं की किट मिलने की जानकारी दी लेकिन स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोल दी।
बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि नाव की व्यवस्था तो है, लेकिन बीमारी से ग्रसित लोगों को आवश्यक दवाएं नही मिल पा रही हैं। डाॅक्टर गांव आते हैं तो उनके पास दवा नहीं रहती। मच्छरों का भी आतंक है। आयुक्त ने साफ-सफाई व्यवस्था मुकम्मल कराने के लिए बीडीओ दुबौलिया भीष्म प्रसाद को बुलाया तो वह नदारद मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और एसडीएम उमाकांत तिवारी को बाढ़ प्रभावित गांवों में साफ-सफाई व्यवस्था ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बरसाव स्थित बाढ़ चौकी का निरीक्षण कर वहां एक एंबुलेंस तैनात रखने और चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।