बस्ती। डीएम रवीश गुप्ता के निर्देश पर बीडीए ने बुधवार को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शहर के आसपास के क्षेत्रों में चार भवनों का निर्माण अवैध पाया गया। बीडीए ने संबंधित भवनों को सील करते हुए निर्माण पर रोक लगा दी।
चेकिंग के दौरान पुरानी बस्ती क्षेत्र के चैनपुर ओवरब्रिज के सर्विस लेन पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण पाया गया। भवन स्वामी सुशील टिबड़ेवाल के नाम नोटिस चस्पा करते हुए भवन को सील कर दिया गया। एनएच-28 के किनारे महुडड़र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए ग्रीन बेल्ट में एक भवन का निर्माण होता पाया गया। भवन स्वामी कृष्ण गोपाल चौधरी को नोटिस जारी करते हुए इस भवन को भी सील कर दिया गया।
बस्ती-कांटे मार्ग पर मनहनडीह के पास हरेंद्र नाथ त्रिपाठी की ओर से पुराने नक्शे के विपरीत कराए जा रहे भवन निर्माण को भी सील कर दिया गया है। जबकि मनौरी चौराहा के पास पटखौली में पवन कुमार मिश्रा द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भवन का निर्माण कराते हुए पाया गया है। बीडीए टीम ने निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया। इस दौरान अवर अभियंता हरिओम, अवर अभियंता अनिल कुमार त्यागी मौजूद रहे। संवाद