बस्ती। जिले में निर्माणाधीन रिंग रोड की रफ्तार में तेजी आई है। मुआवजा और जमीन की आई अड़चन को दूर कर रास्ता आसान कर दिए हैं। अब प्रस्तावित एक और पुल का भी निर्माण शुरू हो गया है। इससे रिंग रोड का सपना जल्द पूरा होते दिखेगा। साथ ही इस मार्ग पर एक टोल प्लाजा का निर्माण कराया जाएगा।
गोटवा के पास से शुरू हुई रिंग रोड की यह परियोजना हड़िया ओवरब्रिज नेशनल हाईवे तक जाएगी। पहले चरण में 22 किमी. लंबे रिंग रोड का निर्माण चल रहा है। यह मार्ग बेलाड़ी से पिपरा-गौतम मार्ग पर बक्सर व प्रसादपुर गांव के बीच से होकर गुज रही है। प्रसादपुर के पास बन रहे फ्लाईओवर का कार्य भी तेजी से चल रहा है। वहीं अब, राजचक के पास कुआनो नदी पर पुल निर्माण प्रारंभ हो गया है। जिले में रिंग रोड निर्माण की गति बढ़ गई है। जिले की इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के जल्द पूरा होने की उम्मीद में लोग बैठे हैं।
बताया गया कि इसके बनने से आवागमन जहां आरामदेह होगा, वहीं जाम का संकट भी कम होगा। आवागमन के लिए राहगीरों को एक विकल्प रास्ता भी मिल जाएगा। पहले फेज का काम चल रहा है। 54 गांवों से होकर गुजर रही यह रोड 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है। इससे यातायात सुगम होगा, यह परियोजना कुल 1138.72 करोड़ की है। पहले चरण में 54 गांवों में 115 हेक्टेयर भूमि सड़क के लिए अधिग्रहीत की जा चुकी है। काफी हद तक मुआवजे का वितरण हो चुका है। विभागीय जानकारों ने बताया कि डेढ़ साल में सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने पर बस्ती की फिजा भी बदल जाएगी।
-
दो सौ गांवों की बदल जाएगी तस्वीर
रिंग रोड के निर्माण से करीब दो सौ गांवों की तस्वीर बदल जाएगी। सदर तहसील के 54 गांवों से होकर गुजरने वाली रिंग रोड से कई गांवों को विकल्प रास्ता भी मिल जाएगा। बताया गया कि रिंग रोड के मुख्य इंफ्रास्ट्रक्चर का काम लगभग पूर्ण कर लिया गया है। सब इंफ्रास्ट्रक्चर का कार्य करीब 70 फीसदी पूर्ण हो चुका है। इसके बाद मिट्टी का कार्य शुरू हो जाएगा। इसके बाद सड़क का आकार दिखने लगेगा। इस मार्ग पर आठ पुल बन रहे हैं, तीन का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि चौथे का भी निर्माण प्रारंभ हो गया है। वहीं 37 पुलिया छोटे लघु पुल बन रहे हैं। साथ ही वाहन अंडर पास यानी की आठ वीयूपी बनाए जा रहे हैं। भदेश्वरनाथ और नौगढ़ में इसकी शुरूआत हो गई है। कुआनो नदी के बाद राजाचक में पुल निर्माण शुरू हो गया है। बताया गया कि दसकोलवा में अंडरपास बन चुका है।
-
यहां से गुजर रही सड़क
गोटवा के पास से बरवनिया से बक्सर होते हुए कुआनो नदी के पास राजाजोत तक चार किमी. के दूरी में पोकलेन मशीनें अधिग्रहीत जमीनों में खोदाई का काम कर चुकी हैं। उधर, दसकोलवा, छितही नरसिंह, बायपोखर आदि गांव होते हुए गोरखपुर-लखनऊ हाईवे तक करीब 11 किमी की दूरी में भूमि की निशानदेही का कार्य पूरा कर लिया गया है। सबदेइया कला तक यह सड़क जाएगी। हालांकि, अभी कई काश्तकारों को पेड़ का मुआवजा न मिलने से विरोध जता रहे हैं। बताया गया कि फाइल बनाकर एसएलओ ऑफिस में दे दी गई है, लेकिन अभी तक मुआवजा का वितरण न होने से किसान परेशान हैं।
-
कटया के पास बनेगा नया टोल प्लाजा
रिंग रोड पर कटया पचौरा गांव के पास नया टोल प्लाजा का निर्माण कराया जाएगा। यह टोल एनएचएआई का ही होगा। बताया गया कि टोल प्लाजा के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। जल्द ही यहां भी निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके लिए पहले फेज के सभी चिह्नित 22 किमी. दूरी में कार्य प्रारंभ है।
कोट
रिंग रोड निर्माण के दौरान कुआनो नदी समेत उन आधा दर्जन स्थलों पर ब्रिज का भी निर्माण होगा, जहां प्रमुख सड़क एवं रेलवे लाइन की क्राॅसिंग पड़ रही है। बस्ती-महुली मार्ग पर दसकोलवा के पास, बस्ती-कांटे मार्ग पर अंडरपास बन रहा है। बायपोखर के पास कड़र मंदिर के पास रेलवे लाइन तथा गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर रिंग रोड की क्रॉसिंग के लिए ओवरब्रिज बनेगा। राजाचक के पास पुल निर्माण के लिए कार्य शुरू हो गया है। पुरैना के पास भी ओवरब्रिज बनेगा।
-रोहित श्रीवास्तव, प्रोजेक्ट इंजीनियर, एनएचएआई