बस्ती। कांवड़ यात्रा से बस्त-अयोध्या हाईवे पर ठप वाहन संचालन का असर परिवहन निगम की सेवा पर पड़ा है। मंगलवार को भी अधिकांश बसें बेड़े से बाहर नहीं निकल सकी। इससे आय प्रभावित हुई।
बस्ती रोडवेज डिपो के बेड़े में शामिल निगम की 110 बसों में सिर्फ 24 बसें ही रूट पर निकलीं। शेष बसें कम यात्री और रूट डायवर्जन के चलते नहीं निकली। बताया गया कि लखनऊ के लिए चार, दिल्ली के लिए पांच, गोरखपुर के लिए आठ, कानपुर के लिए तीन समेत सिद्धार्थनगर के लिए चार बसें भेजी गईं। वहीं ग्रामीण रूट गनेशपुर, दुबौलिया, कुसौरा आदि की सेवा प्रभावित रही। लखनऊ जाने वाली बसें सोनूपर, टांडा होकर भेजी गईं। इससे समय, दूरी और किराया बढ़ा है, यात्री भी सफर से परहेज कर रहे। डिपो में बसें सवारी के इंतजार में खड़ी रह जा रही हैं। बताया गया कि जो बसें निकल भी रही हैं, उन्हें दोबारा आने में परेशानी हो रही है। जगह-जगह रोक-टोक हो रही है।
एआरएम आयुष भटनागर का कहना है कि रूट डायवर्जन से संचालन पर असर पड़ा है। कोशिश की जा रही है कि कोई यात्री गंतव्य तक पहुंचने से वंचित न रहे। सभी चालक और परिचालक को इस बाबत निर्देश दिए गए हैं।