- पुरानी बस्ती क्षेत्र के लोहरौली गांव का मामला
बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के लोहरौली गांव के तीन बच्चों आदित्य (10), आयुष (8) और विराट (9) की पड़ोस के गांव अरईल स्थित ईंट-भट्ठे के पास पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। आदित्य और आयुष सगे भाई थे। मंगलवार सुबह तीनों की लाश मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों के अनुसार, तीनों बच्चे सोमवार शाम को साइकिल से घूमने घर से निकले थे। उसके बाद नहीं लौटे। सूचना पर एसपी अभिनंदन, सीओ, एसओ समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, तीनों की मौत पानी में डूबने से हुई है।
पुरानी थाना क्षेत्र के लोहरौली गांव निवासी भालचंद्र विश्वकर्मा ने कुछ दिन पहले ही अपने नौ वर्षीय बेटे विराट के लिए साइकिल खरीदी थी। सोमवार देर शाम उनके पटीदार रमेश विश्वकर्मा का बड़ा बेटा आदित्य (10) और छोटा बेटा आयुष (8) विराट के साथ साइकिल से घूमने निकले। काफी देर बाद भी जब तीनों बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। रात भर इधर-उधर खोजबीन करने के साथ ही थाने पर भी इसकी सूचना दी गई। आशंका थी कि कहीं कांवड़ियाें की भीड़ में वे गुम हो गए होंगे।
इस बीच मंगलवार सुबह गांव का एक व्यक्ति अरईल स्थित ईंट-भट्ठे की तरफ नित्यक्रिया के लिए गया तो उसकी नजर साइकिल पर पड़ी। कुछ दूरी पर पानी भरे गड्ढे में पेट के बल एक शव उतराया देखा तो शोर मचाते हुए गांव की तरफ भागा और लोगों को जानकारी दी। थोड़ी देर में ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने गड्ढे में उतरकर ढूंढ़ा तो दो अन्य शव भी मिल गए। इसके बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया।