- कांवड़ियों संग जुए में जीतने के बाद शुरू हुआ था विवाद, कावड़ियों के साथ जुआ खेलने के दौरान बोल दिए थे अपशब्द
कप्तानगंज(बस्ती)। कस्बे में सोमवार को हुए बवाल के मामले में अमर्यादित भाषा बोलने वाले युवक पर केस दर्ज कर पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसओ कप्तानगंज सुनील कुमार गौड़ ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के सराय गल्ला मंडी का निवासी आरोपी रुस्तम डीजे ऑपरेटर है।
पुलिस की छानबीन में पाया गया कि उसे अनुमान था कि हर वर्ष की तरह कप्तानगंज में डीजे कंपटीशन होगा। उसे देखने के लिए वह वहां पहुंचा था। डीजे मुकाबला होते न देख वह कांवड़ियों के साथ जुआ खेलने लगा था। एसओ के अनुसार, रुस्तम के जीत जाने के बाद विवाद शुरू हुआ। बात-बात में उसने अमर्यादित भाषा बोल दी, जिस पर कांवड़िए भड़क गए थे। उधर, सोमवार की रात से ही एसडीएम, सीओ सहित जिले के कई अधिकारी कप्तानगंज कस्बे में डटे हुए हैं। वहां से पूरे कांवड़ यात्रा का लोकेशन ले रहे हैं। कस्बे के रिकाॅर्ड को देखते हुए ब्लैक स्पॉट के रूप में उसे देखा जा रहा है। सीओ कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी, एसडीएम हरैया उमाकांत त्रिपाठी मंगलवार सुबह की सुबह से कावड़ियों की सुरक्षा को लेकर फोरलेन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
सोमवार को कप्तानगंज कस्बे में कांवड़ियों ने जमकर उत्पात मचाया था। आगजनी और तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई थी। आक्रोशित कांवड़ियों ने पुलिस की गाड़ी पर भी हमला कर दिया था। हिरासत में लिए गए युवक को अपने चंगुल में लेने का दबाव बनाते रहे। मामला गंभीर होता देख एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान और एसएसपी ओपी सिंह ने पहुंचकर किसी तरह कांवड़ियों को शांत कराया था। उसके बाद भी कांवाड़ियों ने उग्र होकर कप्तानगंज चौराहे पर होर्डिंग और पुलिस बैरियर में आग लगा दी थी। कस्बे के पूर्वी छोर पर एक मुस्लिम के घर पर पथराव भी किया गया, जिससे एक पुलिस कर्मी लहूलुहान हो गया था।
-
बवाल करने वाले कांवड़ियों पर भी हो सकती है कार्रवाई
कप्तानगंज में बवाल करने वाले कांवड़ियों पर भी कार्रवाई होने की बात कही जा रही है। जिस तरह का तेवर देखा गया उससे माना जा रहा है कि मेला खत्म होने के बाद पुलिस एक-एक उत्पाती से हिसाब लेगी। पहचान करने के लिए उसे ज्यादा मशक्कत भी नहीं करनी पड़ेगी क्योंकि सैकड़ों वीडियो और तस्वीर मोबाइलों में वायरल हुई हैं। हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी इस पर कुछ बोलने से अभी बच रहे हैं।