मृतक श्याम नारायण दुबे की फाइल फोटो
वॉल्टरगंज। बस्ती डुमरियागंज मार्ग पर मनोरी चौराहे के समीप दड़वा मिश्र गांव के सामने स्थित पेट्रोल पंप के सामने मंगलवार की रात एक डंपर में पीछे से कार जा घुसी। जिससे कार चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ढेकी गांव निवासी श्याम नारायण दुबे (36) पुत्र कृष्ण कुमार दुबे अपनी कार से मंगलवार की देर रात बस्ती से घर लौट रहे थे। अभी वह दड़वा मिश्र पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे ही थे कि सामने से चल रहे डंपर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे पीछे चल रही कार डंपर में घुस गई। हादसे में कार सवार श्याम नारायण गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया जहां चिकित्सकाें ने देखते की मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां मालती, पिता कृष्ण कुमार दुबे, पत्नी सत्यभामा दुबे, बेटे तेजस, बेटी पीहू सहित परिवार के सभी लोग माैके पर पहुंच गए। एसओ सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।