भारतभारी। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत भारतभारी के मोतीगंज चौराहा पर मंगलवार की रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार गणेश (19) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के चाचा मनोज गौड़ की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की करवाई में लगी है।
जानकारी के अनुसार, बस्ती जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र के परसोहिया गांव निवासी गणेश (19) पुत्र दिलीप कुमार मोतीगंज से अपने गांव लौट रहा था। अभी मोतीगंज स्थित पुलिस चौकी के पास पहुंचा था कि एक ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी तेज हुई कि बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। उसकी पहचान परसोहिया निवासी गणेश पुत्र दिलीप कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिलीप कुमार के दो पुत्र हैं। गणेश सबसे छोटा पुत्र था।
दिलीप कुमार का परसोहिया चौराहा पर एक होटल है। वहीं, गणेश गांव के चौराहे पर आरओ प्लांट चला रहा था। हादसे की सूचना पर पहुंची डुमरियागंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजनों में शोक व्याप्त हो गया। गणेश के चाचा मनोज गौड़ ने डुमरियागंज थाना पर तहरीर देकर उचित करवाई की मांग की है।
इस संबंध में डुमरियागंज थाना के अपराध निरीक्षक सत्यदेव प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के चाचा मनोज गौड़ की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।