बस्ती। भीषण गर्मी का दौर शुरू है। ऐसे में अब श्रमिकों को लू से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी किए जा रहे हैं। मंडलायुक्त बस्ती अखिलेश सिंह ने इस संबंध में तीनों जनपदों के डीएम को पत्र लिखकर श्रमिकों को लू से बचाव के लिए जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए हैं।
जनपद में कभी-कभी 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के करीब तापमान पहुंचने के कारण श्रमिकों की सुरक्षा के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कुछ जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। ऐसे में खासतौर पर धूप में काम करने वाले श्रमिकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही स्टेट हीट एक्शन प्लान के तहत श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर निर्देश जारी किए हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जनहित में जारी निर्देश को हवाला लेते हुए श्रम विभाग ने गर्मी से सतर्कता बरतने के लिए कहा है।
इसके अनुसार, काम के दौरान श्रमिकों को बीच-बीच में छाया में आराम दिया जाए। साथ ही तेज धूप को देखते हुए कार्य का समय भी बदला जाए, ताकि दोपहर की भीषण गर्मी से बचा जा सके। जहां संभव हो, दोपहर के समय काम छाया में कराया जाए। कार्यस्थल पर ठंडे पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने और प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश हैं। इसके अलावा, श्रमिकों के बच्चों के लिए भी छायादार स्थान की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। श्रम विभाग ने श्रमिकों को गर्मी से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक करने पर भी जोर दिया है। उन्हें बार-बार पानी पीने और ओआरएस का घोल लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।