खरमास में व्यापारी दुकान में भरेंगे नया स्टॉक
खिचड़ी बाद फिर बजेगी शहनाइयां, चमकेगा बाजार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सहालग में कपड़ा और सराफा कारोबाारियों की चांदी रही। दो माह की तेजी में गर्मी में कम लगन की भरपाई भी हो गई। व्यापारियों के मुताबिक, जिले में सहालग में करीब 700 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। अब खरमास में बाजार मंदा रहेगा। इस दौरान कारोबारी तेजी से नया स्टॉक तैयार करेंगे, ताकि नए साल में लोगों को नए डिजाइन मिल सके।
सहालग में बाजार में तेजी से व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं। कपड़े, सराफा के अलावा इलेक्ट्राॅनिक्स, फर्नीचर, कास्मेटिक सहित अन्य बाजार में तेजी रही। अब शादियों का सीजन बीता तो बाजार ने भी रंग बदला है। कपड़ा बाजार में अब गर्मी वाले कपड़े बिकने लगे हैं। जबकि टैक्सटाइल्स कंपनियों ने भी नए साल में ग्राहकों को कुछ नए डिजाइन मुहैया कराने की कोशिश की है।
व्यापारियों की कोशिश है कि जनवरी में शुरू होने वाली लगन में वे अपने ग्राहकों को ऐसे कपड़े दिखाएं, जो उन्हें एक नजर में ही पसंद आ जाए। इसी प्रकार सर्राफा कारोबार में बढ़ती महंगाई के दौर में हल्के वजन में आकर्षक डिजाइन के गहने बेचने का चलन शुरू हो गया है। शहर के पक्के बाजार में एक ज्वेलरी कंपनी के मैनेजर शशांक त्रिपाठी ने बताया कि अब अच्छी डिजाइन के साथ वजन भी हल्का होने का प्रयास किया जा रहा है। सहालग के सीजन में अच्छा कारोबार हुआ। जबकि गर्मी में बहुत कम लगन थी।
सराफा कारोबारियों की मानें तो सहालग में इस सीजन में करीब 300 करोड़ का कारोबार हुआ। उधर, कपड़ा बाजार में भी करीब 200 करोड़ रुपये की बिक्री हुई। इलेक्ट्राॅनिक्स, फर्नीचर, किराना एवं जनरल मार्केट में 200 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। शहर के व्यापारी नेता अमर नाथ पांडेय ने बताया कि सहालग में 700 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ होगा। खरमास में बाजार मंदा रहेगा। इसी बीच तैयारी की जाएगी। 15 दिसंबर से एक महीने का खरमास लगेगा। इसमें कारोबारी कुछ नया स्टॉक रखने की तैयारी में हैं।
खरमास में शादी के लिए खरीदारी को शुभ नहीं माना जाता है। ऐसे में बहुत सारे लोगों ने खरमास से पहले ही खरीदारी शुरू कर दी है, ताकि वे खरमास में भी इसे जारी रख सकें। जिनके यहां मकर संक्रांति के तुरंत बाद शादी है वे पहले से गहने और कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। इससे कारोबारियों को उम्मीद है कि खरमास में बिक्री बहुत कम नहीं होगी।
..
सहालग में जिले में करीब 200 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ होगा। लगन के बाद अब गर्मी के कपड़ों की बिक्री शुरू हो गई है। कोरिया के आयातित कंबल की ज्यादा बिक्री हो रही है। खरमास में नए डिजाइन के कपड़ों की खरीद की जा रही है।
-प्रहलाद मोदी, कपड़ा व्यापारी
...
सहालग में आभूषण का 300 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ होगा। खरमास में गहनों की बिक्री अपेक्षाकृत कम होती है। जनवरी में खिचड़ी के बाद लगन में ज्यादा गहने बिकेंगे। नए डिजाइनों के कारण भी गहनों की बिक्री बढ़ी है।
-कुंदन वर्मा, स्वर्ण व्यापारी