शहीद सत्यवान सिंह रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित पुलिस की जोनल स्तरीय हॉकी और हैंडबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबले बृहस्पतिवार को हुए।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती के शहीद सत्यवान सिंह रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित पुलिस की जोनल स्तरीय हॉकी और हैंडबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबले बृहस्पतिवार को हुए। हैंडबाल में बस्ती ने कांटे के मुकाबले में गोरखपुर को और हाकी में गोरखपुर ने बस्ती को।
हैंडबॉल के फाइनल मुकाबले में बस्ती और गोरखपुर के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। हैंडबाल के पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी इंस्पेक्टर रणधीर मिश्र की अगुवाई वाली बस्ती की टीम ने फाइनल मुकाबला 14-13 के अंतर जीत लिया। बस्ती की ओर से रणधीर मिश्र ने आठ, अजय ने तीन गोल किए। जबकि गोरखपुर की ओर से अली ने चार, केशव ने तीन गोल किया। बस्ती के गोलकीपर अमृत पांडेय ने कई मौके पर शानदार बचाव कर बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। वहीं हॉकी के फाइनल मुकाबले में गोरखपुर ने बस्ती को 4-0 हराया। गोरखपुर की टीम शुरू से ही खेल में हावी रही।
पहले हॉफ में दो गोल की बढ़त लेने वाली गोरखपुर की टीम ने दूसरे हॉफ में भी दो गोल कर अपनी टीम को 4-0 के अंतर से जीत दिला दी। गोरखपुर की ओर से मोहम्मद अली ने दो, रणजीत सिंह और शिवधारी यादव ने एक एक गोल किया। बस्ती की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। हैंडबाल में रणधीर मिश्र और हाकी में मोहम्मद अली को बेहतरीन खिलाड़ी का पुरस्कार मिला।
इसके पूर्व प्रतियोगिता के फाइनल मैच में डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र लक्ष्मी नरायण ने खिलाड़ियों ने परिचय प्राप्त कर खिलाड़ियों की हौसला आफजाई की। बाद में दोनो टीमों को शील्ड और पुरस्कार प्रदान किया। इस मौके पर एसपी कृपाशंकर सिंह, एएसपी रोहित मिश्र, स्पोर्ट्स अफसर सुरेश बोनकर आदि गणमान्य मौजूद रहे।