लखनऊ। पीजीआई इलाके में बृहस्पतिवार रात बस्ती के विक्रमजोत छतरना निवासी चालक श्रीप्रकाश (46) संदिग्ध हालात में कार में मृत मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। उनका हार्ट और विसरा सुरक्षित रखा गया है।
भतीजे आदेश ने बताया कि श्रीप्रकाश किराये पर कार चलाते थे। बृहस्पतिवार को वह कार से बस्ती के मरीज को लेकर पीजीआई संस्थान आए थे। रात आठ बजे तक घरवालों ने चाचा को कॉल की तो जवाब नहीं मिला। इसके बाद कार मालिक को जानकारी दी।
वह जीपीएस के जरिये लोकेशन ट्रेस कर पीजीआई संस्थान के पास पहुंचे तो कार खड़ी मिली, जो अंदर से लॉक थी। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने कार का गेट खोला तो श्रीप्रकाश मृत मिले। आदेश ने बताया कि चाचा के परिवार में पत्नी उर्मिला देवी और दो बेटे व बेटी है। इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। संवाद