बस्ती-डुमरियागंज मार्ग स्थित डढ़वा गांव के पास गिरा पेड़।
- फोटो : BASTI
तेज हवा के साथ हुई बारिश से बढ़ीं मुश्किलें
गेहूं की मड़ाई न कर पाने वाले किसान चिंतित
खेत में पड़ा भूसा भीगने से चारे के लिए पैदा होगा संकट
बस्ती। करीब हफ्तेभर से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। खेतों में पानी भर गया। मड़ाई न कर पाने वाले किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
शुक्रवार सुबह जिलेभर में बारिश हुई। खेत में पानी भरने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खेत में पड़ा भूसा बारिश में भीग गया। जिससे उसमें सड़न पैदा हो जाएगी। पशुपालकों का कहना है कि भूसा भीगने से चारे की समस्या पैदा हो जाएगी। दूसरी ओर जिले में करीब पांच प्रतिशत किसान ऐसे हैं जिनकी फसल खेत में ही पड़ी है। ऐसे में फसल के दाने काले पड़ जाएंगे और उत्पाद खराब होंगे। फसल सुरक्षा विज्ञानी डॉ. प्रेमशंकर बताते हैं कि बागवानी करने वाले किसानों के लिए बारिश काफी नुकसानदायक है। खेत में पानी भरने से लौकी, कद्दु, नेनुआ, तरोई आदि उत्पाद सड़ने लगेंगे।सब्जियों के भाव बढ़ेंगे। वाल्टरगंज प्रतिनिधि के अनुसार बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर स्थित डढ़वा गांव के पास एक आम का पेड़ सड़क पर गिर गया। जिससे करीब दो घंटे आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद पेड़ कैहटवाने में कामयाब हुई। तब जाकर यातायात व्यवस्था बहाल हुई। देईपार-भिरियामोड़ पर स्थित दुकान का टीनशेड उखड़ गया। लक्ष्मणपुर समेत क्षेत्र के कई जगहों पर पेड़ की डालियां टूटीं। हालांकि क्षेत्र में किसी प्रकार का कोई हताहत नहीं हुआ। नगर बाजार प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के गोटवा, बट्टूपुर, मीतन जोत, कठारजंगल आदि जगहों में कुछ किसानों की काटकर खेत में छोड़ी गई फसल भीग गई। जिसे सूखने में कई दिन लग जाएंगे। किसान प्रमोद कुमार, विरोगी यादव, प्रदीप कुमार दुबे आदि ने प्रशासन से मुआवजे की मांग किया है।