भट्टू कलां। गांवों में संपूर्ण विकास की जिम्मेदारी पंचायती राज संस्थाओं पर होती है। इसमें ग्राम पंचायत और सरपंच सबसे अहम कड़ी होते हैं। यह बात जिला परिषद चेयरपर्सन एडवोकेट सुमन खिचड़ ने शुक्रवार को भट्टू ब्लॉक के सरपंचों की बैठक में कही।
सरपंचों की बैठक से पहले चेयरपर्सन ने बीडीपीओ आईएएस आकाश शर्मा के साथ भट्टू बीडीपीओ ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण किया। स्टाफ से आमजन की शिकायतों का रिकॉर्ड जांचते हुए उनके समाधान का फीडबैक लिया।
अधिकारियों व कर्मचारियों को चेयरपर्सन ने जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करने के निर्देश दिए। सरपंचों की बैठक में चेयरपर्सन ने कहा कि मनरेगा योजना के तहत सरपंच हर जरूरतमंद परिवार को 100 दिन का रोजगार दिलाएं।
मनरेगा कार्य में यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी सहयोग न करें तो इस बारे में हमें तुरंत अवगत करवाएं। गांव में मूलभूत सुविधाओं को लेकर किसी भी प्रकार का अभाव न रहे, यह भी तय किया जाए। मूलभूत सुविधाओं को लेकर किसी भी तरह के कार्य करवाने की जरूरत है तो उसके लिए जिला परिषद अवगत करवाएं।
उन्होंने कहा कि सरपंच यह सुनिश्चित करें कि गांव में किसी भी स्तर पर कोई कमी हो तो उसे दूर करें अथवा जिम्मेदार संस्थाओं, विभागों और अधिकारियों को अवगत करवाएं। गांवों में बच्चों को सही मार्गदर्शन के लिए शिक्षा व्यवस्था और आमजन के स्वास्थ्य को लेकर चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की जरूरत है।
बैठक में सरपंचों ने अपने गांवों की समस्याएं चेयरपर्सन के समक्ष रखी, जिनका जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया गया। बैठक में पंचायत समिति के वाइस चेयरमैन बंसीलाल, भाल सिंह जांगड़ा, सुभाष खिचड़, सरपंच सुभाष मूंड, धर्मबीर सिंह, अनूप कुमार, सुरेश कुमार, रजनी, सुनीता रानी, सुरेंद्र कुमार, बलजीत बेनीवाल, सुखदेव सिंह, सतपाल सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।