रौतापार में सिलिंडर के लिए लगी भीड़-संवाद
बस्ती। खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के असर से देश के कई हिस्सों में एलपीजी गैस सिलिंडर की किल्लत सामने आई है। जिले में भी गैस एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही है। सहालग के मौसम में गैस सिलिंडर की कमी ने खासकर शादी-ब्याह वाले घरों की परेशानी को बढ़ा दिया है। कैटरिंग व्यापारियों को कॉमर्शियल गैस सिलिंडर सुगमता से नहीं मिल पा रहे हैं।
सहालग के दौरान जिले में रोजाना कॉमर्शियल सिलिंडरों की मांग सामान्य दिनों के मुकाबले 30-40 प्रतिशत तक बढ़ जाती है। शादियाें में खाना बनाने वाले कैटरर्स और मैरिज हाॅल वालों के लिए भी समस्या विकराल हो गई है। वहीं शादी की तैयारी में जुटे परिवारों की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई मैरिज हाॅल वाले तो लकड़ी और कोयले से खाना पकाने के लिए तैयारी कर लिए है। इसके साथ ही कैटरर्स ने थाली के दाम भी बढ़ा दिए है जो आम लोगों के लिए परेशानी बन गई है।
उधर, अधिकारियों के दावों के विपरीत जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर दिखा रही है। जिले के कई एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग रही है। कई उपभोक्ताओं को बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
शादी-ब्याह के इस मौसम में गैस की मांग और ज्यादा बढ़ गई है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। आम लोगों का कहना है कि गैस आपूर्ति की समस्या सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में और भी परिवारों को ऐसी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। खासकर उन घरों में जहां शादी जैसे बड़े कार्यक्रम हाेने वाले हैं।