बस्ती। शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग जनपद बस्ती की ओर से दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। पहले दिन ग्रामीण खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में दमखम दिखाते हुए अगले दौर में जगह बनाई।
ग्रामीण खेल लीग के अंतर्गत विधायक खेल स्पर्धा के आयोजन में हजार से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए। प्रतियोगिता में विधानसभा बस्ती सदर के अंतर्गत आने वाले विकास खंड के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के पहले दिन कबड्डी, वालीबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन और कुश्ती में प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ राज्यसभा सांसद संगीता यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, परियोजना निदेशक डीआरडीए राजेश कुमार जायसवाल, भूमि संरक्षण अधिकारी राजमंगल चौधरी, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विजय प्रकाश वर्मा, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी दिलीप कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी राम प्रताप सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी/कार्यक्रम अधिकारी नवनीत तिवारी, व्यायाम प्रशिक्षक रमेश चंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त कर एवं हरी झंडी दिखा कर 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता शुरू कराई। जिसमें 100 मीटर बालक वर्ग दौड़ सब जूनियर श्रेणी में प्रथम स्थान बलिराम, द्वितीय स्थान विजय, तृतीय स्थान सूरज सोनकर, जूनियर वर्ग में आदर्श प्रथम स्थान, जसवंत द्वितीय स्थान, आमिर खान तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में प्रथम पीयूष सिंह, द्वितीय संतोष कुमार, तृतीय अंश सिंह रहे।
बालिका वर्ग सब जूनियर वर्ग प्रथम स्थान नंदिनी, द्वितीय स्थान प्रीति भारती और तृतीय स्थान अंशिका चौहान ने प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान सोनम, द्वितीय स्थान कौसर जहां, तृतीया स्थान सलोनी, सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान सिमना, द्वितीय स्थान रहनुमा, तृतीय स्थान शिवांगी को मिला।