शिकायत की जांच करने गए टीए से अभद्रता
टीए ने बीडीओ के माध्यम से सोनहा थाने में दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
भानपुर। रामनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत असनहरा में आईजीआरएस पोर्टल पर डुमरियागंज मार्ग से असनहरा नलकूप तक खड़ंजे पर इंटरलॉकिंग कराने को लेकर की गई एक शिकायत की जांच करने पहुंचे तकनीकी सहायक से शिकायतकर्ता की ओर से अभद्रता किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। तकनीकी सहायक ने घटना की बाबत बीडीओ मंजू त्रिवेदी और सोनहा पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
टीए ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि जब वह बृहस्पतिवार की दोपहर शिकायत की जांच करने मौके पर पहुंचे तो शिकायतकर्ता और उनके परिवार के लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आए। मामला बिगड़ते देखकर टीए ने इसकी सूचना तुरंत डॉयल 112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। घटनास्थल से वापस ब्लॉक आकर टीए ने इसकी जानकारी बीडीओ मंजू त्रिवेदी देते हुए सोनहा थाने पर तहरीर देकर शिकायतकर्ता के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक सोनहा अटल बिहारी ठाकुर ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।