विक्रमजोत (बस्ती)। छावनी थाना क्षेत्र के तीन गांवों में मंगलवार सुबह पांच बजे अयोध्या की एसओजी ने संदिग्धों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापा मारा। करीब तीन घंटे चले अभियान में कई युवकों को हिरासत और वाहनों को कब्जे में लेने की सूचना है।
वहीं, दो तमंचे, एक तलवार और नकदी बरामद होने की बात सामने आ रही है। दिनभर बाजार और चाय की दुकानों पर इसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। हालांकि, बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
बताया गया कि अयोध्या एसओजी सुबह करीब पांच बजे विक्रमजोत पुलिस चौकी पहुंची। स्थानीय पुलिसकर्मियों को साथ लेकर टीम ने सबसे पहले सोहगियां और खरहटिया गांव में दबिश दी। यहां से एक कार कब्जे में लेने की चर्चा है। जबकि संबंधित आरोपी के मौके से भाग निकलने की बात सामने आई है।
इसके बाद टीम विक्रमजोत कस्बे से करीब दो किलोमीटर दूर रैदासपुर गांव पहुंची, जहां दो सगे भाइयों को उनकी एसयूवी सहित हिरासत में लेने की जानकारी मिली। तीसरी दबिश नेतवरपट्टी गांव में दी गई, जहां एक भाजपा नेता के पुत्र को हिरासत में लेने की चर्चा है। संवाद