गौर। थाना क्षेत्र के गौर-टिनिच मार्ग पर बभनगांवा कला गांव के पास बृहस्पतिवार को दोपहर में सवारी बैठा कर बस्ती की तरफ जा रहे ऑटो चालक शेषराम चौधरी 55 को अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। इससे वह गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के छोटे भाई मानिक राम चौधरी की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से ठोकर मारने वाले वाहन का पता लगाने में जुटी है। गौर थाना के सांवडीह गांव निवासी शेषराम चौधरी रोज की तरह ऑटो में कुछ सवारी बैठा कर बस्ती की तरफ जा रहे थे, अभी वह गौर-टिनिच मार्ग पर बभनगांवा कला गांव के पास पहुंचे थे कि शेषराम ऑटो से सिर बाहर निकाले तभी तेज रफ्तार में सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने जबरदस्त ठोकर मार दिया। जिससे वह ऑटो से गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
टक्कर मारने वाला वाहन मौका देख भागने में सफल रहा। घटना के बाद वहां आसपास के लोगों की काफी भीड़ एकत्रित हो गई और लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिवार के अन्य सदस्य व गांव के प्रधान सहित रिश्तेदार घटनास्थल पहुंच कर कार्रवाई की मांग करने लगे। मृतक के छोटे भाई मानिक राम चौधरी की तहरीर पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।