पिटाई से ऑटो चालक की मौत, दो नामजद
बस्ती। पड़ोसियों की पिटाई से घायल शहर के रौतापार मोहल्ला निवासी 35 वर्षीय एक ऑटो चालक की मंगलवार सुबह मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। सिर व सीने में गहरी चोट से मौत की पुष्टि हुई है। आरोप है कि इलाज न कराने की वजह से युवक की मौत हो गई। कोतवाल रामपाल यादव ने बताया कि मृतक के भाई राजकपूर की तहरीर पर नीरज व शिवा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
रौतापार निवासी महेंद्र उर्फ करिया ऑटो चलाकर जीवन यापन करता था। उसके भाई के अनुसार सात फरवरी की रात करीब 10 बजे महेंद्र ऑटो चलाकर घर पहुंचा। बच्चों को ढूंढते हुए गली में गया तो वहां पड़ोस के नीरज व शिवा से किसी बात पर कहासुनी होने लगी। आरोप है कि दोनों ने मिलकर महेंद्र को काफी मारापीटा। इसके बाद पुलिस को खबर किए बिना परिवार वाले निजी अस्पताल में इलाज कराने के बाद घर लेकर चले गए। सोमवार रात में महेंद्र ने दम तोड़ दिया।
पनीर पहुंचाने के लिए विवाद की चर्चा
मारपीट की वजह पता लगाने में पुलिस जुटी है। चर्चा है कि पनीर पहुंचाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। मोहल्ले के लोग बताते हैं कि महेंद्र के जरिए नीरज व शिवा ने रुधौली के पास पनीर भेजा था। मगर वहां आटो लेकर जाने के बाद काफी देर तक महेंद्र को लेने वाले का इंतजार करना पड़ा। लौटकर इसकी शिकायत करते समय बहस हो गई।