चोरी की घटना के बाद जांच करती पुलिस।
- फोटो : BASTI
फार्मासिस्ट के ताला लगे घर में चोरी
बस्ती। शहर के कोतवाली थानाक्षेत्र के मड़वानगर स्थित फार्मासिस्ट के ताला लगे मकान को रविवार रात चोरों ने खंगाल लिया। चारदीवारी फांदकर अंदर गए चोरों ने कमरों में रखी आलमारियों से करीब साढ़े पांच लाख रुपये का जेवर व 14 हजार रुपये नकद चुरा लिया। कोतवाल रामपाल यादव ने बताया कि पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
मड़वानगर निवासी मनोज कुुुमार श्रीवास्तव हर्रैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इंदौली में फार्मासिस्ट पद पर तैनात हैं। रविवार को वह पत्नी का इलाज कराने सीएचसी हर्रैया गए थे, जहां रात को भी रुकना पड़ा। घर पर 15 वर्षीय बेटा के अकेले होने की वजह से रात में ताला लगाकर रिश्तेदार के घर सोने चला गया। सोमवार सुबह सात बजे जब लड़का घर पहुंचा और गेट खोलकर जैसे ही भीतर दाखिल हुआ, अंदर कमरों के ताले टूटे देख घबरा गया। फौरन उसने पिता मनोज श्रीवास्तव को जानकारी दी। पुलिस को दिए तहरीर में एक जोड़ी झाला, मंगलसूत्र, अंगूठी, कान का टप्स, दो लॉकेट चांदी की कटोरी, कड़ा व 14 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात कही गई है।