- अल्ट्रासाउंड जांच कक्ष में हुआ बवाल, आरोपी पुलिस हिरासत में
- अल्ट्रासाउंड करते समय नंबर को लेकर बिगड़ा माहौल, एक घंटे तक रही तनावपूर्ण स्थिति, पहुंची पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिला महिला चिकित्सालय के अल्ट्रासाउंड जांच कक्ष में बृहस्पतिवार को दोपहर करीब एक बजे विवाद हो गया। आरोप है कि यहां एक मरीज के साथ आए तीमारदार ने बिना नंबर के अल्ट्रासाउंड कराने का दबाव बनाने लगा। ऐसा न होने पर उसने ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाॅफ से अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद विवाद बढ़ गया। भड़के डॉक्टर चैंबर से निकलकर बाहर आ गए। अस्पताल में करीब एक घंटे तक तनाव पूर्ण स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस पहुंची तब मामला शांत हुआ। घटना के कुछ देर बाद आरोपी को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया है।
मामले में रेडियोलॉजिस्ट ने कोतवाली पुलिस को तहरीर भी दी है। उन्होंने बताया कि सामान्य ढंग से गर्भवती महिलाओं की नंबर से अल्ट्रासाउंड जांच चल रही थी। इसी बीच एक मरीज के साथ आए तीमारदार ने बिना नंबर के अल्ट्रासाउंड कराने का दबाव बनाने लगा। ऐसा न करने पर वह अमर्यादित शब्दों की बौछार करने लगा। इससे हम सभी असुरक्षित महसूस करने लगे।
हालांकि, बाद में मामला तूल पकड़ते देख संबंधित तीमारदार मरीज के साथ भाग निकला। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर चिकित्सक और स्टॉफ को शांत किया। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. आशुतोष ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई के लिए उनसे लिखित तहरीर ली गई है।