- निर्माणाधीन दुकान में मिट्टी पटाई का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरपुर। मनरेगा में भ्रष्टाचार रोकने के लिए सारे प्रयास नाकाम साबित हो रहे हैं। प्रधान व सचिव की मिलीभगत पूरे सिस्टम को गच्चा दे रही है। ताजा मामला, क्षेत्र के ग्राम पंचायत करहली खुर्द में अनाज की दुकान से जुड़ा है। रविवार को निर्माणाधीन भवन में मिट्टी पटाई के लिए सौ से अधिक मजदूरों को ऑनलाइन हाजिरी भरी गई थी। लेकिन, स्थल पर कोई मजदूर कार्य करते हुए नहीं दिखा।
नौ सितंबर से शुरू हुए मिट्टी पटाई कार्य में लगभग 700 मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज की गई है। रविवार तक भवन में एक भी तसला मिट्टी भवन में पटाई के लिए नहीं मिली। नौ सितंबर से 12 मस्टररोल पर करीब 100 मजदूरों की हाजिरी रोज भरी जा रही है। शासन की गाइड लाइन के अनुसार, मजदूरों की ऑनलाइन उपस्थित कार्य स्थल से ही फोटो लेकर रोजगार सेवक या मनरेगा मेट द्वारा अपलोड किया जाना है।
इसके बावजूद बड़े पैमाने पर मनमाने तरीके से उपस्थिति दर्ज करने का खेल चल रहा है। बीडीओ गणेश दत्त शुल्क ने बताया कि कार्य स्थल की जांच कराई जाएगी। यदि कार्य नहीं मिला मिला तो मस्टररोल शून्य करते हुए जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।