बस्ती। भोजन बनाने की बात को लेकर पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र के रसूलपुर में महिला पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पति पर आरोप है कि उसका गला दुपट्टे से कस दिया। आरोपी पति समेत पांच लोगों पर हत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस ने पति सुशील कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
इसी थाना क्षेत्र के रसूलपुर के सुशील कुमार की पत्नी सुमन देवी ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि पांच जुलाई की रात करीब आठ बजे खाना न बनाने की बात को लेकर सुशील कुमार व अन्य लोगों ने ललकराते हुए जान से मारने की नीयत से गले में दुपट्टा फंसा दिया। दुपट्टे से खींचते हुए मारापीटा। गला कसने के कारण गले में काफी चोट आई। गंभीर चोट आने के कारण इलाज कराने के बाद घटना की जानकारी थाने में दी। थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी सुशील कुमार के अलावा सुनील कुमार, शिवकुमार, रेनू और माया देवी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति सुशील कुमार को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।