विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के विक्रमजोत कस्बे से अपने घर साइकिल से जा रही सातवीं की छात्रा को कार सवार बदमाशों ने जबरन पकड़कर गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। छात्रा ने संकट को भांपकर शोर मचाते हुए साइकिल छोड़कर पास के एक घर में घुस कर जान बचाई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, विक्रमजोत-छतौना संपर्क मार्ग पर दोपहर दो बजे छात्रा घर जा रही थी। नेतवरपट्टी गांव के पास काले रंग की वैन में सवार दो लड़कों ने चलती गाड़ी से ही छात्रा को खींच कर वैन में बैठाने का प्रयास किया। खतरे को भांपकर छात्रा साइकिल छोड़कर शोर मचाते हुए पास के मकान में घुस गई।
लड़की की आवाज सुनकर गृहस्वामी और आसपास के घरवाले बाहर आ गए। तब तक वैन सवार बदमाश विक्रमजोत की तरफ भाग गए। घटना के तत्काल बाद नेतवरपट्टी गांव के कुछ लड़कों ने बाइक से वैन की पीछा करने की कोशिश की। तब तक वैन सवार हाईवे पर पहुंचकर तेज रफ्तार से अयोध्या की तरफ भाग गए। विक्रमजोत के चौकी प्रभारी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा की मां ने तहरीर दी है। छानबीन की जा रही है।