बस्ती। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और दुर्घटनाओं के बाद प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को आयुक्त सभागार में मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। आयुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में हाईवे पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने एनएचएआई के परियोजना निदेशक को लखनऊ-गोरखपुर मार्ग पर ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए एटीएमएस कैमरे लगाने और गति सीमा व यातायात संकेतक स्थापित कराने को कहा। दुर्घटना की स्थिति में पेट्रोलिंग वाहनों में गैस कटर और एएलएस एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने हाईवे पर अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने और ओवरलोड वाहनों की सूची नियमित रूप से उपलब्ध कराने को कहा। ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाली बसों से यात्रियों को सुरक्षित उतारने के लिए एनएचएआई के रेस्ट एरिया को अस्थायी बस स्टैंड के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर में सड़क हादसों और मृतकों की संख्या बढ़ने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने दोनों जिलों में दुर्घटना संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कराने, ब्लैक स्पॉट में सुधार, दोपहिया चालकों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता सुनिश्चित करने और हादसों के कारणों का विश्लेषण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।