फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: 700 गांवों में बिजली बहाल नहीं, 24 घंटे और लगेंगे

विज्ञापन
श्रृंगीनारी में टूटे हुए तार को ठीक करता बिजली कर्मचारी। संवाद
विज्ञापन
बस्ती। लगातार बारिश और आंधी के बाद चरमराई बिजली व्यवस्था को पटरी पर लाने में बिजली निगम को अभी एक-दो दिन और लग सकते हैं। मंडल मुख्यालय की आपूर्ति सोमवार को काफी प्रयास के बाद बहाल कर दी गई, लेकिन बस्ती जोन के 700 से अधिक गांवों में अब भी बिजली नहीं पहुंच सकी है। जोन के 335 में से 80, 11 केवी फीडर अभी भी बाधित हैं। बिजली निगम ने मरम्मत कार्य के लिए 300 से अधिक गैंग लगाए हैं।
विज्ञापन

बीते दिनों बारिश और तेज हवा के कारण बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर में बिजली की लाइनों और खंभों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा था। रविवार से मरम्मत का अभियान तेज किया गया। सोमवार तक 33 केवी के 90 में से 88 उपकेंद्र सक्रिय कर दिए गए। हर्रैया डिवीजन के श्रृंगीनारी और बभनान उपकेंद्र अभी चार्ज नहीं हो सके हैं। विभाग को इनके मंगलवार तक सक्रिय होने की उम्मीद है। इन दोनों उपकेंद्रों से जुड़े 200 से अधिक गांवों में चार दिन से आपूर्ति बाधित है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली आपूर्ति बहाल होने के संबंध में अधिकारियों से संपर्क करने पर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है। कई उपभोक्ताओं ने जेई, एक्सईएन और एसई के फोन नहीं उठने की शिकायत भी की।
विज्ञापन

-
पेड़ और पोल गिरने से 20 से अधिक गांवों में अंधेरा
विक्रमजोत। क्षेत्र में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से कई जगह तार टूट गए हैं। विक्रमजोत और छावनी उपकेंद्र के कई फीडर ब्रेकडाउन हैं। 20 से अधिक गांवों में चार दिन से बिजली नहीं है। इससे लोगों के मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। विक्रमजोत उपकेंद्र को हर्रैया से मिलने वाली 33 केवी लाइन की सोमवार को मरम्मत की जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार लाइन शाम तक चालू होने की उम्मीद थी। उपकेंद्र से निकलने वाली 11 केवी लाइन भी कई जगह क्षतिग्रस्त है। इससे दुभरा निर्वाहन, पैतेपुर, दत्तनगर, सरबंगा, जमौलिया, बिराहिमपुर, अकवारा और दुबौली दूबे समेत कई गांवों में आपूर्ति बाधित है। ग्रामीण विनोद सिंह, रूपनारायण सिंह, विजयपाल, उदयभान और सुमित्रानंदन ने फाॅल्ट ठीक करने के नाम पर धन वसूली का आरोप लगाया। हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। एक्सईएन हर्रैया अजय कुमार ने बताया कि मुख्य लाइन से गांवों तक आपूर्ति बहाल करने में अभी दो से तीन दिन लग सकते हैं।
-
चौथे दिन भी नहीं मिली बिजली
मुंडेरवा। क्षेत्र के कई गांवों में सोमवार को चौथे दिन भी बिजली नहीं आई। पडियापार उपकेंद्र से जुड़े बैदा बैदी, कुरियार और अरईल दीगर पट्टी समेत कई गांवों में टूटे तार और क्षतिग्रस्त पोल दुरुस्त नहीं हो सके। मुंडेरवा नगर पंचायत क्षेत्र और सीएचसी समेत कई इलाकों में शुक्रवार रात से आपूर्ति बाधित है। उपभोक्ता योगेश्वर दूबे, सुधीर दूबे, ज्ञानेंद्र कुमार और अनिल कुमार ने बताया कि बिजली न होने से पेयजल और घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है।
-
250 से अधिक गांवों में बिजली गुल
परशुरामपुर। क्षेत्र के 250 से अधिक गांवों में शुक्रवार से बिजली आपूर्ति बाधित है। सोमवार शाम तक कई क्षतिग्रस्त लाइन और खंभे दुरुस्त नहीं हो सके थे। कुछ स्थानों पर जलभराव और कीचड़ के कारण जेसीबी पहुंचाने में भी परेशानी हो रही है। बिजली न होने से ग्रामीण मोमबत्ती के सहारे खाना बनाने को मजबूर हैं। आटा चक्की संचालक कृष्णनाथ, मानिकराम, रामख्याल और तुलसीराम ने बताया कि बिजली न आने से गेहूं की पिसाई का काम बंद है। चार दिन से कारोबार प्रभावित है।
कोट
पूरे जोन में 300 से अधिक मरम्मत गैंग लगाए गए हैं। सोमवार को काफी हद तक बिजली आपूर्ति बहाल करने में सफलता मिली है। बड़े पैमाने पर लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण शत-प्रतिशत गांवों में आपूर्ति बहाल करने में बुधवार तक का समय लग सकता है। उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।
विज्ञापन

-विजय गुप्ता, मुख्य अभियंता, विद्युत वितरण मंडल, बस्ती।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें