जिले के शहरी क्षेत्रों में अधिकतर एटीएम कैश देने लगे है। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित अधिकांश एटीएम अभी भी बंद है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। राहत की बात यह है कि शहर से लेकर देहात तक अब सभी बैंक कैश का भुगतान करने लगे है। कोर्ट एरिया और गांधी कला भवन के पास स्थित एसबीआई का एटीएम भी अब चालू हो गया है। कई दिन तक बंद रहने वाला एचडीएफसी भी रकम देने लगा है। आईसीआईसीआई, एक्सिस, सेंट्रल, पीएनबी आदि बैंको के शहर में स्थित एटीएम लगातार लोगों को अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे है।
बहादुरपुर प्रतिनिधि के अनुसार नगर बाजार एसबीआई और आईसीआईसीआई का एटीएम अभी भी बंद चल रहा है। कुसौरा में एसबीआई का एटीएम लगभग 15 दिन से बंद है। सोनहा प्रतिनिधि के अनुसार भिरिया ऋतुराज में पीएनबी का एटीएम और सल्टौआ प्रतिनिधि के अनुसार सल्टौआ में एसबीआई का एटीएम कैश दे रहा है।
भानपुर प्रतिनिधि के अनुसार भानपुर में स्थित एसबीआई और बैंक आफ बड़ौदा का एटीएम बंद रहा। यही हाल रामनगर स्थित पीएनबी के एटीम का रहा, वह भी लगातार कैशलेस चल रहा है। मुंडेरवा कस्बे में स्थित भारतीय स्टेट बैक का एटीएम आठ नवंबर से मात्र दो दिन ही खुला। लगातार बंद रहने से लोगों को दिक्कत हो रही है। वहीं एसबीआई में सुबह से ही लाइन लगी रही। यहां अभी भी लोगों को पर्याप्त रकम नहीं मिल पा रही है। एटीएम के बारे में शाखा प्रबंधक कमलेश मिश्रा ने कहा कि कैश नहीं होने के कारण एटीएम बंद रहता है।
बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार नोट बंदी के बाद से सोमवार को लाइन मे लगे सभी खाताधारकों को जरुरत के हिसाब से दो से छह हजार तक पूर्वांचल बैंक की शाखाओं ने ग्राहकों को दिया। पक्काबाजार, देईसाड़, बानपुर, लालगंज, महादेवा, बनकटी स्थित पूर्वांचल बैंक, सिंडीकेट, एसबी आई बनकटी ने सोमवार को कैश का भुगतान किया। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं बनकटी में अभी भी एटीएम बंद है। लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार पूर्वांचल व सेंट्रल बैंक में सोमवार को पर्याप्त कैश मिलने से ग्राहक संतुष्ट नजर आए। वहीं पूर्वांचल बैंक के शाखा प्रबंधक शैलेष मिश्रा ने बताया कि अब बैंकों में धन की कोई कमी नहीं है।