बस्ती। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के अंडर-14 जोनल क्रिकेट ट्रायल के लिए बस्ती के दो खिलाड़ियों अथर्व ओझा और यश गुप्ता का चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी 22 अक्तूबर को प्रयागराज में होने वाले ट्रायल में हिस्सा लेकर राज्य स्तरीय टीम में जगह बनाने के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से जिले के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी है।
सेंट जेवियर्स क्रिकेट एकेडमी में नियमित अभ्यास करने वाले अथर्व और यश का चयन गोरखपुर में आयोजित जिला स्तरीय क्रिकेट मैचों में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। अब दोनों खिलाड़ी प्रयागराज स्थित गवर्नमेंट प्रेस क्लब क्रिकेट ग्राउंड पर होने वाले जोनल ट्रायल में अपनी दावेदारी पेश करेंगे। सेंट जेवियर्स क्रिकेट एकेडमी के डायरेक्टर (कोचिंग) अनिकेत उपाध्याय ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने मंडल क्रिकेट एसोसिएशन, गोरखपुर के अध्यक्ष मोहम्मद शफीक सिद्दीकी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सिद्दीकी के नेतृत्व और प्रयासों से क्षेत्र में क्रिकेट को बढ़ावा मिल रहा है। खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने में उनका योगदान सराहनीय है। अनिकेत उपाध्याय ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का चयन जिले के अन्य युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणादायक है। इससे बस्ती में क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। दोनों के चयन पर एकेडमी के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और साथी खिलाड़ियों ने खुशी जताते हुए प्रयागराज में होने वाले ट्रायल में उनके अच्छे प्रदर्शन की कामना की।