रुधौली। चीनी मिल के बजाज देवालय में छह दिवसीय स्थापत्य वास्तु कथा ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन आचार्य सुशील बलूनी ने वास्तु शास्त्र के पूरक विषय संख्या ज्योतिष पर विस्तार से चर्चा की। कहा कि ज्योतिष जीवन की राह को आसान बनाता है। नौ अंकों के साथ शून्य एवं अनंत पर विशेष बल देते हुए बताया कि स्वयं को शून्य से विभाजित कर अनंत की प्राप्ति करना ही जीवन का परम उद्देश्य है।
आचार्य ने कहा कि कोई भी ग्रह खराब नहीं होता। हर एक की उपयोगिता है। व्यक्ति को उसके अधिष्ठात्री ग्रह के अनुसार अपना भोजन, आचरण, व्यवसाय व कॅरियर चुनना चाहिए। अगर ऐसा करते हैं तो आपके जीवन की राह आसान होगी। अनुकूलता आएगी। कहा कि गृहिणियों के लिए अंक ज्योतिष, आभा प्रभा मंडल व शरीर लक्षण विज्ञान की समझ जरूरी है।
आचार्य बलूनी ने कहा कि धर्म को जानने वाला दुर्लभ होता है, उसे श्रेष्ठ तरीके से बताने वाला उससे भी दुर्लभ, श्रद्धा से सुनने वाला अत्यंत दुर्लभ और धर्म का आचरण करने वाला सुबुद्धिमान सबसे दुर्लभ होता है। इस अवसर पर उतरौला चीनी मिल के यूनिट हेड राकेश यादव, कुंदरकी गोंडा के इकाई प्रमुख पीएन सिंह, रुधौली के यूनिट हेड विवेक कुमार तिवारी, केपी सिंह आदि मौजूद रहे।