नगर बाजार। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के चनईपुर में जमीन विवाद से जुड़े मामले को लेकर दो पक्षों मे जमकर लाठी-डंडे चले। आरोप है कि पुश्तैनी जमीन पर कब्जे की नीयत से एक दर्जन लोगों ने खेत में काम कर रहे किसान पर लाठी-डंडा सब्बल और भाला से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक बस्ती को तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी। एसपी के आदेश पर कप्तानगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस को दिए तहरीर में अनिल पांडेय निवासी चनईपुर थाना कप्तानगंज ने बताया कि वह 23 जुलाई को अपने खेत में धान की रोपाई के लिए मेड़ सही कर रहा था। आरोप है कि उसी समय उसे अकेला देखकर गांव भीटा निवासी धनराज, राम दयाल, रामकैलाश, सचिन, सुरेन्द्र, दुर्गावती, खुशबू, सीता और दुर्गावती की सास आदि गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर पीड़ित का भाई अंकित पांडेय, विकास शुक्ला, प्रशांत कुमार, विपिन कुमार, विजय कुमार, प्रमोद पांडेय, अयोध्या प्रसाद पांडेय और अजय कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, तब जाकर उसकी जान बची।
पीड़ित अनिल पांडेय का कहना है कि उसकी पुश्तैनी जमीन है। उसी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से यह घटना की गई है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक बस्ती से रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
थाना प्रभारी कप्तानगंज आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस तहरीर के आधार पर नौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है।