बनकटी। ब्लॉक मुख्यालय के समीप स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को आशा कार्यकर्ताओं ने 16 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के गेट पर ताला जड़ दिया और टीकाकरण का काम भी ठप कर दिया।
साथ ही सड़क पर जाम भी लगाया। प्रदर्शन कर रही कार्यकर्ताओं ने एडिशनल सीएमओ डॉ. अशोक कुमार के आश्वासन के बाद तकरीबन छह घंटे बाद अपना धरना समाप्त कर दिया। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने इलाज के लिए निजी अस्पतालों का रुख किया। प्रदर्शन खत्म होने के बाद करीब 50 मरीजों का इलाज किया गया।
बुधवार को आशा बहु संघ के संरक्षक घनश्याम पाल, अध्यक्ष नीलम चौधरी, संगीता गुप्ता के नेतृत्व में आशा कार्यकर्ताओं ने जननी सुरक्षा, वाउचर, आभा आईडी, आयुष्मान कार्ड, टीबी, कुष्ठ रोग आदि के भुगतान कराने सहित समस्याओं को लेकर सुबह छह बजे ही सीएचसी पर पहुंच गईं।
गेट और ओपीडी पर ताला जड़कर टीकाकरण का कार्य ठप कर दिया। प्रधान संघ अध्यक्ष रवि चंद पांडेय, शिवसेना के नारायण पाल सहित कई सभासद और प्रधान भी आशा कार्यकर्ताओं की मांगों का समर्थन करते हुए धरने पर बैठे गए। सुबह 10 बजे जिला प्रोसेस मैनेजर (डीपीएम) दुर्गेश मल्ल के पहुंचने पर संतोषजनक जवाब न मिलने पर आशा कार्यकर्ता उग्र हो गईं और उनके सामने सड़क जाम करते करते हुए नारेबाजी करने लगीं।
दोपहर करीब 12 बजे तक मामले का निस्तारण नहीं हो सका। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक शशांक शेखर राय पुलिस टीम के साथ पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। आशाओं के धरना-प्रदर्शन के दौरान ओपीडी में इलाज कराने आए अजय शुक्ला, गीता पाल ने आदि मरीजों बताया कि धरना-प्रदर्शन देख निजी डाक्टर को दिखाकर दवा लेनी पड़ी। प्रदर्शन में शीला देवी, गीता पाल, मिथिला शुक्ला, मीरा देवी, नीलम शुक्ला, कुसुम शुक्ला आदि शामिल रहीं।