संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। एआरटीओ पंकज सिंह की टीम ने शुक्रवार को मुंडेरवा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। इससे हड़कंप मच गया।
इस दौरान तीन ओवरलोड गन्ना लदी गाड़ियों पर कार्रवाई की। 32 अन्य गाड़ियों का चालान किया गया। इन वाहनों पर ढाई लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई को अमर उजाला में प्रकाशित खबर का असर माना जा रहा है।
ओवरलोड गन्ना लदे वाहन रेल से लेकर सड़क मार्ग तक हादसे का सबब बने हुए हैं। इससे जहां जन-धन की हानि हो रही है, वहीं सरकारी तंत्र पर सवाल भी उठते रहे हैं।
ऐसा ही कुछ हाल मुंडेरवा रेलवे क्राॅसिंग का है, जहां आए दिन ओवरलोड गन्ना लदे वाहन रेलवे क्रॉसिंग पर फंस जाते हैं। इससे रेल यातायात तो बाधित होता ही है, साथ में हादसे का भय बना रहता है। बुधवार को मुंडेरवा रेलवे केबिन संख्या 189 सी स्पेशल के चढ़ान पर ओवरलोड गन्ना लदे ट्रॉला के फंस जाने से दुर्घटना होते-होते बची थी। गेटमैन अफसर अली की सजगता से पश्चिम की तरफ से आ रही अयोध्या-गोरखपुर स्पेशल (05014) पश्चिमी सिग्नल और गोरखपुर से बस्ती की तरफ आ रही मालगाड़ी पूर्वी सिग्नल पर रोक दी गई थी। करीब 20 मिनट तक दोनों ट्रेनें खड़ीं रहीं।
बावजूद इसके न तो आरपीएफ ने कोई कार्रवाई की और न ही परिवहन विभाग ने कोई कदम उठाया। जबकि उस समय आरपीएफ ने ट्रॉला चालक को पकड़ लिया था।
इस खबर को अमर उजाला ने सात फरवरी के अंक में ओवरलोड गन्ना लदे वाहन रोक रहे ट्रेनों की राह शीर्षक से प्रकाशित किया।
इसे गंभीरता से लेते हुए एआरटीओ पंकज सिंह ने टीम के साथ शुक्रवार की सुबह मुंडेरवा रेलवे क्राॅसिंग पर पहुंच कर जांच अभियान शुरू कर दिया।
मौके पर तीन ट्रैक्टर-ट्राॅले ऐसे पाए गए जिन पर 15-15 हजार रुपये जुर्माना लगाए गए।
इसके बाद निकली एआरटीओ की टीम ने बस्ती-लखनऊ फोरलेन पर नगर थाना क्षेत्र के फुटहिया चौराहे पर जांच अभियान चलाया, जहां पांच ओवरलोड ट्रक, टैक्स बकाया में दो ट्रक, एक स्लीपर बस, बिना फिटनेस चल रहे डिलीवरी वैन समेत 32 गाड़ियों का भी चालान कर दिया।
एआरटीओ पंकज सिंह ने बताया कि सभी गाड़ियों पर दो लाख 55 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। सभी वाहनों को मुंडेरवा थाना व फुटहिया पुलिस चौकी में खड़ा करा दिए गए हैं।