ट्रेनों में मोबाइल व पर्स चुराने वाला गिरफ्तार
संतकबीरनगर के इटौवा का निवासी है आरोपी सोनू उर्फ पौवा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। राजकीय रेलवे पुलिस ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर मोबाइल व पर्स चुराने वाले शातिर चोर सोनू उर्फ पौवा को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। वह चोरी के कई मामलों में भी वांछित था।
जीआरपी थानाध्यक्ष एसके चौहान ने बताया कि आरपीएफ व जीआरपी की टीमें रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार गश्त कर रही हैं। सोमवार को बस्ती स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज के नीचे प्लेटफार्म नंबर चार के पास एक 28 वर्षीय युवक संदिग्ध हाल में दिखाई दिया तो उसे पकड़ कर पूछताछ की गई। उसके पास से चोरी के दो मोबाइल बरामद हुए। उसने अपना नाम सोनू उर्फ पौवा निवासी इटौवा थाना धर्मसिंहवा जिला संतकबीरनगर बताया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पौवा ने कई अन्य वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है। गिरफ्तार करने वाली टीम में जीआरपी के अमरेंद्र सिंह, धीरेंद्र यादव और आरपीएफ के एसआई सुनील कुमार कसाना व इंद्रजीत गिरि आदि शामिल रहे।