ढाई किलोग्राम गांजे के साथ पुलिस ने तस्कर को पकड़ा
पूछताछ में तस्कर ने जेल ले जाने की बात कही
अमर उजाला ब्यूरो
मुंडेरवा। मुंडेरवा थाना प्रभारी अनिल सिंह और एसओजी प्रभारी राजेश कुमार मिश्रा की संयुक्त टीम ने जेल में सप्लाई करने के लिए जा रहे गांजा तस्कर को शुक्रवार को पकड़ लिया। गोदमवा तिराहे से गिरफ्तार आरोपी की तलाशी में ढाई किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर दोनों टीम सक्रिय हुईं। युवक की पहचान रवि कुमार गौंड निवासी सिसवा माफी थाना मुंडेरवा के रूप में हुई है। युवक पर हत्या का मुकदमा भी चल रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि अभियुक्त ने पूछताछ में बताया है कि जब वह जेल में बंद था, उस समय उसकी मुलाकात आपराधिक क्रियाकलापों में लिप्त व्यक्तियों से हुई। इसके बाद वह धन लाभ के लिए बस्ती सहित पड़ोसी जनपदों में वह गांजा की सप्लाई करने लगा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लोगों की मांग पर गांजा मंगवाकर सप्लाई करता था। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि वह जेल में तेल, मसाले के साथ गांजा देने के लिए जा रहा था। तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी चौकी खझौला अभिषेक सिंह, एसआई दिलीप कुमार यादव, आदित्य पांडेय, अजय यादव, बुद्धेश कुमार, राम, दीलिप कुमार, सुरेश यादव आदि शामिल रहे।