रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा में बैठे यात्री।
विलंब से ट्रेन चलने के कारण परेशान हो रहे यात्री, स्टेशन पर भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पूर्वोत्तर रेलवे की अधिकतर एक्सप्रेस ट्रेनों पर कोहरे का जबरदस्त असर है। कई एक्सप्रेस ट्रेनें काफी विलंब से चल रही हैं। वहीं रेलवे बोर्ड की ओर से कुछ ट्रेनों को निरस्त भी कर दिया गया। इससे रेल यात्रियों को भीषण ठंड में ट्रेन की प्रतीक्षा से लेकर सफर करने तक मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे समय सारिणी के अनुसार, रविवार को वाया बस्ती-नई दिल्ली तक जाने वाले वाली क्लोन एक्सप्रेस ट्रेन 11 घंटे की देरी से चल रही थी। जबकि गरीब रथ एक्सप्रेस निर्धारित समय से 6 घंटे विलंब रही। अवध आसाम एक्सप्रेस 4 घंटे, पुरबिया एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से चली। इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले लोग भीषण ठंड में प्लेटफार्म पर प्रतीक्षा करने के दौरान काफी परेशान हुए।
व्यस्क यात्रियों से ज्यादा बच्चे और बुजुर्ग परेशान होते नजर आए। महिला यात्री नजमा खातून ने बताया कि 5 घंटे से स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठी हूं। ट्रेन कब आएगी और कब जाएगी, इसकी सही जानकारी किसी के पास नहीं है। कड़ाके की ठंड में स्टेशन पर बैठना मुश्किल हो गया है। रेल प्रशासन की ओर से स्टेशन परिसर में अलाव की व्यवस्था नहीं है। पूछताछ काउंटर पर तैनात आलम ने बताया कि कोहरे के चलते तीन से चार ट्रेन लेट हुई हैं। कुछ ट्रेनों को रेल प्रशासन की ओर से निरस्त किया गया है। यात्रियों की सहूलियत के लिए हर समय ट्रेनों की जानकारी दी जा रही है।
..
ये ट्रेनें रहीं निरस्त
रेल प्रशासन की ओर से रविवार को जिन एक्सप्रेस ट्रेनों को निरस्त किया गया है, उनमें अवध असम अप एक्सप्रेस, जनसेवा अप और डाउन एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, गोरखपुर-गोंडा अप और डाउन पैसेंजर ट्रेन शामिल हैं।