बस्ती। अमर उजाला फाउंडेशन के अभियान अपराजिता के तहत मंगलवार को दुबौलिया ब्लॉक परिसर में लोकतंत्र की पाठशाला आयोजित की गई। इस मौके पर ब्लॉक कर्मियों और सफाई कर्मचारियों की ओर से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई।
मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी व चुनाव प्रशिक्षक नीरज श्रीवास्तव ने मतदान का महत्व समझाया। कहा कि शत-प्रतिशत मतदान से लोकतंत्र और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि दुबौलिया क्षेत्र में औसत मतदान कम है। महिलाओं की भागीदारी से ही इसमें सुधार होगा। कहा कि 12 मई को मतदान के दिन अवकाश रहेगा। ऐसे में पहले मतदान करें और फिर आराम अथवा रिश्तेदारों के यहां जाएं। बीडीओ व स्व रोजगार योजना उपायुक्त महेंद्र पांडेय ने कहा कि महिला शक्ति हर क्षेत्र में आगे है, लेकिन मतदान के लिए जागरूक करने की जरूरत पड़ रही है। आधी आबादी को खुद मतदान करने के साथ ही दूसरों को भी प्रेरित करना चाहिए। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए मतदान की अलग लाइन होगी। कार्यक्रम को एडीओ मनोज यादव, गिरजेश श्रीवास्तव, लेखाकार राजकुमार सिंह, तकनीकी सहायक आशीष श्रीवास्तव, राजेश सिंह आदि ने भी संबोधित किया। पाठशाला में 230 शपथपत्र भरे गए। सभी ने अपराजिता मुहिम में शामिल होने का संकल्प लिया। इसके बाद मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई, जो भिऊरा, दुबौलिया, गोकुलपुर, रमवापुर, सैनिया, शुकुलपुरा, चिलमा बाजार, विशेषरगंज होते हुए ब्लॉक परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर राजेश सिंह, सूर्यप्रकाश मौर्य, बीके पांडेय, सत्येंद्र चौधरी, अजय यादव, संदीप चौधरी, वंदना व अन्य लोग मौजूद रहे।
---------------
बूथ पर पहुंचें महिलाएं
- खुशहाल नगर की नीलम सिंह ने कहा कि महिलाएं खुद बूथ पर मतदान करने पहुंचें। आधी आबादी आज भी मतदान का महत्व नहीं समझ पा रही है। यह चिंता की बात है।
-------
सबसे पहले मतदान करें
- रमवापुर की पूनम चौधरी ने कहा कि घर में बहुत सारे काम होते हैं लेकिन मतदान के दिन सबसे पहले वोट डालें। घर के दूसरे लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
-------
सराहनीय है अपराजिता मुहिम
- ग्राम विकास अधिकारी शारदा श्रीवास्तव ने कहा कि अपराजिता मुहिम सराहनीय है। इसके जरिए लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है।
--------
अच्छी सरकार के लिए मतदान जरूरी
- ब्लॉक कोआर्डिनेटर सुधारानी ने कहा कि अच्छी सरकार के लिए हर किसी का मतदान करना जरूरी है। जागरूकता अभियान से मतदान प्रतिशत बढ़ाने में मदद मिलेगी।