बस्ती। पुलिस की संयुक्त टीम ने तांत्रिक हत्याकांड के एक और आरोपी दुबौलिया थाना क्षेत्र के भट्ट पुरवा निवासी अरुण कुमार को रविवार को ग्राम पायकपुर क्षेत्र के रामजानकी मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा, बाइक और 1020 रुपये बरामद हुए हैं। इस मामले में तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
बता दें कि 26 दिसंबर 2025 को दुबौलिया थाना क्षेत्र के ग्राम बेमहरी के टोला खूनी पुरवा निवासी तांत्रिक रामजीत (58) वर्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात पर्दाफाश में पाया गया कि आरोपी मास्टर माइंड लवकुश उर्फ लालचंद ने एक लाख रुपये की सुपारी देकर सजरे आलम निवासी लारा थाना दुबौलिया, विवेक उर्फ प्रदुमन चौधरी निवासी खदरा उपाध्याय थाना दुबौलिया जनपद बस्ती व अरुण कुमार निवासी भट्ट पुरवा थाना दुबौलिया से तांत्रिक की हत्या कराई थी।
हत्या के आरोप में पुलिस पहले ही मास्टर माइंड लवकुश लालचन्द निवासी खदरा उपाध्याय थाना दुबौलिया, सजरे आलम निवासी लारा थाना दुबौलिया और विवेक उर्फ प्रदुमन चौधरी निवासी खदरा उपाध्याय थाना दुबौलिया को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।