- वॉल्टरगंज क्षेत्र में मारे गए शख्स की नहीं हो सकी पहचान
- सबदेइया कला गांव के पास हुई मुठभेड़
- गोंडा से बिहार बेचने के लिए ले जा रहे थे पशु
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पुलिस से बचने के चक्कर में पशु तस्करों ने पाण्डेय बाजार में एक राहगीर को अपने वाहन से रौंद दिया। बाद में पुलिस ने पुरानी बस्ती क्षेत्र के सबदेइया कला गांव में भाग रहे तस्करों की घेराबंदी की, जहां मुठभेड़ में तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों के पैर में गोली लगी है। पकड़े गए तस्कर रामपुर, संतकबीरनगर व कुशीनगर के रहने वाले हैं। वहीं, मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
एसपी अभिनंदन ने बताया कि बुधवार रात सूचना मिली कि एक पिकअप पर गोंडा से गोवंशीय पशु लाद कर हाईवे होते हुए बिहार की ओर जा रहे हैं। गौर पुलिस ने पिकअप का पीछा किया तो तस्कर वाल्टरगंज क्षेत्र से होते हुए पुरानी बस्ती क्षेत्र के पाण्डेय बाजार की ओर भागे। वे रेलवे लाइन पार करके शहर के अंदर आना चाहते थे, लेकिन रेलवे फाटक बंद था। वापस होने के लिए वे तेजी से गाड़ी मोड़ने लगे। इस दौरान एक अज्ञात व्यक्ति चपेट में आ गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
उधर, पुलिस पीछे लगी रही तो फोरलेन पर सबदेईया कला के पास घिरने के बाद तस्करों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। गोली पुरानी बस्ती के एसओ महेश सिंह व वाल्टरगंज के एसओ उमाशंकर तिवारी के बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रामपुर जिले के बंगला आजादपुर निवासी असीम और संतकबीरनगर जिले के मोहम्मदपुर कटहर निवासी राजेश निषाद और कुशीनगर के पटेहरवा के अब्दुल रहीम के पैरों में गोली लगी। इनके कब्जे से छह पशुओं से लदा एक पिकअप और दो तमंचे भी बरामद किए गए। सभी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रुरता अधिनियम व शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।