बैठक न होने से नाराज सभासदों ने नगर पालिका के ईओ के दफ्तर पर किया प्रदर्शन
बस्ती। नगर पालिका परिषद के सभासदों ने अधिशासी अधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करते हुए बोर्ड की बैठक न बुलाए जाने पर नाराजगी जताई। ईओ को ज्ञापन सौंपते हुए सभासदों ने कहा कि यदि तीन दिन के भीतर बोर्ड की बैठक नहीं बुलाई गई तो वे आंदोलन करेंगे। ईओ की ओर नियमानुसार जल्द बोर्ड बैठक बुलाने का आश्वासन दिया गया।
ज्ञापन में सभासदों ने कहा कि 18 फरवरी को ही सभासदों ने बोर्ड की बैठक बुलाए जाने के लिए पत्र दिया था, लेकिन उस पर कोई पहल नहीं हुई। पुन: 23 फरवरी को पत्र दिया गया। बोर्ड की बैठक न होने के कारण नगर पालिका क्षेत्र में विकास की गतिविधियां ठप हैं। सभासदों को अपने-अपने वार्डों में लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। सभासदों के सुझाए जाने वाले आवश्यक कार्यों को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे सभासदों में नाराजगी है। सभासदों ने आरोप लगाते हुए कहा कि जो कार्य हो भी रहे हैं, वे गुणवत्तापूर्ण नहीं है। वार्डों के विकास का कार्य पूरी तरह से ठप हैं।
ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से सभासद और सभासद प्रतिनिधि चुनमुन लाल, जगदीप श्रीवास्तव, नवीन श्रीवास्तव, मो. अहमद सज्जू, अब्दुल अजीज, परमेश्वर शुक्ल ‘पप्पू’ विपिन राय, सचिन शुक्ल, कृष्ण कुमार उर्फ सोनू पांडेय, दिनेश गुप्ता, गौतम यादव, अनवर जमाल, तारक जायसवाल, विशाल शुक्ल, कन्हैया चौधरी, मो. सिद्दीकी, आशीष शुक्ल, प्रमोद कन्नौजिया, अतुल सिंह, कन्हैया लाल, शोभित सोनकर, अश्विनी श्रीवास्तव, प्रभाकर मणि त्रिपाठी आदि शामिल रहे।