रुधौली। मंगलवार को रुधौली थाना क्षेत्र की सुरवार चौराहे पर गैस सिलिंडर न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने एक बार फिर रुधौली बखिरा मार्ग को बंद कर दिया। लोग सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।
सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार नीरज सिंह और पूर्ति निरीक्षक प्रवीण पांडेय ने उपभोक्ताओं को समझा बुझा कर शांत कराया और गैस सिलिंडर की गाड़ी मंगवा कर उपभोक्ताओं में सिलिंडर वितरित कराया तब जाकर भीड़ सड़क से हटी।
बताते चले कि रुधौली कस्बे में स्थित गैस एजेंसी का गोदाम थाना क्षेत्र के सुरवार चौराहे के पास सिद्धार्थनगर की सीमा पर स्थित करमा गांव में है। वर्तमान में यहां से गैस एजेंसी के ग्रामीण उपभोक्ताओं को गैस वितरित किया जाता है। आरोप है कि विगत लगभग 15 दिनों से उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पा रही थी।
17 जून को उपभोक्ताओं ने गैस नहीं मिलने से नाराज होकर सुरवार चौराहे के पास स्थित बगीचे के सामने सड़क को जाम किया था। जिसके बाद गैस एजेंसी द्वारा गोदाम पर गैस वितरित न करके इधर-उधर गाड़ियों को खड़ी करके गैस वितरण किया जा रहा है। सोमवार को गोदाम संचालकों द्वारा सुरवार चौराहे पर गैस वितरण किया गया था।
मंगलवार को भी सुरवार चौराहे पर ही उपभोक्ता गैस मिलने की उम्मीद से इकट्ठा हो गए, लेकिन जब सुबह 10 बजे तक गैस की गाड़ी चौराहे पर नहीं पहुंची तो उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी बीच गैस गोदाम से खाली सिलिंडरों को लेकर गुजर रही एचपी गैस की गाड़ी को उपभोक्ताओं ने रोक लिया और धरने पर बैठ गए।
इसी बीच किसी ने घटना की जानकारी एसडीएम रुधौली मनोज प्रकाश को दी जिस पर एसडीएम ने तत्काल पूर्ति निरीक्षक और नायब तहसीलदार को मौके पर भेजा। इस संबंध में पूर्ति निरीक्षक प्रवीण पांडेय ने बताया कि उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध न हो पाने के कारणों की जांच की जा रही है।