बस्ती। पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई एक्सप्रेस और स्पेशल ट्रेनें रविवार को घंटों की देरी से संचालित हुईं। ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा, वहीं कनेक्टिंग ट्रेनें छूटने से उनकी यात्रा भी प्रभावित हुई।
सबसे अधिक देरी से आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल पहुंची। रेलवे समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन के सुबह 11:07 बजे बस्ती पहुंचने का समय निर्धारित था, लेकिन यह करीब छह घंटे विलंब से शाम करीब पांच बजे स्टेशन पहुंची। इसके अलावा नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन स्पेशल साढ़े पांच घंटे, मदर अमृत भारत एक्सप्रेस और कटिहार स्पेशल साढ़े तीन घंटे, अवध असम एक्सप्रेस तथा बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल तीन-तीन घंटे, दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल, सत्याग्रह एक्सप्रेस, पुणे-गोरखपुर स्पेशल और मुजफ्फरपुर जनसाधारण एक्सप्रेस दो-दो घंटे, जबकि जनसेवा एक्सप्रेस और अयोध्या-भटनी मेमू पैसेंजर एक-एक घंटे की देरी से चलीं।
स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों ने बताया कि ट्रेनों के विलंब से चलने का सबसे अधिक असर उन लोगों पर पड़ता है, जिन्हें गोरखपुर, लखनऊ, अयोध्या, देवरिया समेत अन्य स्टेशनों से दूसरी ट्रेन पकड़नी होती है। कनेक्टिंग ट्रेन छूटने के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है या फिर वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ता है।
पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि रेल संचालन को सुचारु बनाए रखने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। हालांकि, कभी-कभी रेल लाइन के रखरखाव और ब्लॉक के कारण ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ता है।
-
यात्री बोले-
ट्रेन के लेट होने से पूरा यात्रा कार्यक्रम प्रभावित हो जाता है। गोरखपुर से दूसरी ट्रेन पकड़नी थी, लेकिन नई दिल्ली–दरभंगा क्लोन स्पेशल के काफी विलंब से चलने के कारण उसके छूटने की आशंका है।
-एमके राय, सेमरियावां बाजार
निर्धारित समय पर स्टेशन पहुंची, लेकिन यहां पता चला कि ट्रेन कई घंटे लेट है। लखनऊ से दूसरी ट्रेन पकड़नी थी, जो अब नहीं मिल पाएगी। मजबूरी में बस या दूसरे साधन से जाना पड़ेगा।
-नाजिया, डुमरियागंज